धर्मेंद्र के निधन की खबर निकली अफवाह, हेमा मालिनी और ईशा देओल ने जताया गुस्सा — अभिनेता की तबीयत अब स्थिर



दिल्ली । हिंदी सिनेमा के वरिष्ठ अभिनेता धर्मेंद्र देओल खराब तबीयत के चलते मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हैं, जहां डॉक्टर्स की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। इस बीच सोशल मीडिया पर उनके निधन की झूठी खबरें तेजी से फैलने लगीं, जिनका ईशा देओल और हेमा मालिनी ने कड़े शब्दों में खंडन किया है।

ईशा देओल ने इंस्टाग्राम पर बयान जारी करते हुए कहा — “मीडिया इस मामले पर ज़्यादा ही सक्रिय है और गलत खबरें फैला रही है। मेरे पिता स्थिर हैं और अच्छी तरह से रिकवर कर रहे हैं। कृपया हमारे परिवार की निजता का सम्मान करें और पापा की तेज़ रिकवरी के लिए दुआ करें।”

वहीं, हेमा मालिनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (Twitter) पर लिखा — “जो हो रहा है वो माफी के लायक नहीं है! जिम्मेदार चैनल ऐसे व्यक्ति के बारे में झूठी खबर कैसे फैला सकते हैं जिसका इलाज चल रहा है और वह ठीक हो रहा है? यह बेहद अपमानजनक और गैरजिम्मेदाराना है। कृपया परिवार और उनकी निजता की जरूरत का सम्मान करें।”

बताया जा रहा है कि पिछले हफ्ते भी धर्मेंद्र रूटीन चेकअप के लिए अस्पताल आए थे। 89 वर्षीय धर्मेंद्र उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे हैं। सोमवार को उन्हें देखने के लिए सलमान खान और शाहरुख खान भी अस्पताल पहुंचे थे, जिसके बाद सोशल मीडिया पर अफवाहों का सिलसिला शुरू हो गया था।

हालांकि, अब यह स्पष्ट है कि धर्मेंद्र पूरी तरह सुरक्षित और रिकवरी की राह पर हैं, और उनके फैंस के बीच राहत की लहर दौड़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *