
एशिया कप भारत-पाकिस्तान फाइनल में ऑनलाइन सट्टेबाजी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 2 आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग। एशिया कप भारत-पाकिस्तान क्रिकेट फाइनल मैच पर ऑनलाइन सट्टेबाजी करने वाले गिरोह का दुर्ग पुलिस ने पर्दाफाश किया है। वैशाली नगर और स्मृतिनगर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस ने गिरोह से जुड़े 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

वैशाली नगर से आरोपी गजेन्द्र साहू गिरफ्तार
वैशाली नगर पुलिस और एसीसीयू टीम ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर गजेन्द्र साहू उर्फ दादू (31 वर्ष, निवासी यूको बैंक के पीछे भोला बेकरी, वैशाली नगर) को पकड़ा। आरोपी BRTBHAI9 और Classic Exch99 नामक ऑनलाइन प्लेटफार्म पर सट्टा खेल रहा था। पूछताछ में सामने आया कि उसने यह एप प्लेटफार्म अभिजीत सिंह उर्फ विराट से 1 लाख रुपये में खरीदा था।
गजेन्द्र के कब्जे से एक विवो मोबाइल, एक होंडा एक्टिवा (सीजी-07 VQ 2141) और करीब 5-6 लाख रुपये के सट्टे का हिसाब-किताब (व्हाट्सऐप स्क्रीनशॉट) बरामद किया गया। उसके खिलाफ अपराध क्र. 323/2025, धारा 7 जुआ प्रतिषेध अधिनियम दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
स्मृतिनगर से आरोपी नमन गुप्ता गिरफ्तार
इसी तरह स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने नमन गुप्ता (26 वर्ष, निवासी मकान नंबर 606 जुनवानी रोड, स्मृतिनगर) को सट्टेबाजी करते रंगे हाथ पकड़ा। आरोपी RBC66 एप के जरिए सट्टा खेल रहा था। जांच में सामने आया कि उसने यह आईडी अपने साथी आयुष कुमार यादव से 10 लाख रुपये में खरीदी थी।
नमन के पास से दो मोबाइल, 8500 रुपये नगद और करीब 4 लाख रुपये के सट्टे से जुड़े स्क्रीनशॉट बरामद किए गए। उसके खिलाफ अपराध क्र. 1160/2025, धारा 7 जुआ प्रतिषेध अधिनियम दर्ज कर जेल भेजा गया है।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि इस गिरोह में और भी लोग शामिल हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। जिले में सट्टा-जुआ और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
गिरफ्तार आरोपी:
- गजेन्द्र साहू उर्फ दादू (31 वर्ष) निवासी यूको बैंक के पीछे भोला बेकरी, वैशाली नगर
- नमन गुप्ता (26 वर्ष) निवासी मकान नंबर 606, जुनवानी रोड, स्मृतिनगर भिलाई