एसएसपी दुर्ग ने आगामी त्योहारों व कानून व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक ली


  • पुलिस नियंत्रण कक्ष भिलाई में आयोजित हुआ समीक्षा बैठक
  • गणेश विसर्जन एवं ईद मिलाद उन नबी त्योहार की तैयारियों पर हुआ विशेष जोर
  • 13 एजेंडा बिंदुओं पर की गई विस्तृत चर्चा
  • सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थाना/चौकी प्रभारियों को दिए गए सख्त निर्देश

Durg । दिनांक 31.08.2025 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग द्वारा जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना/चौकी प्रभारियों की अपराध एवं कानून व्यवस्था संबंधी समीक्षा बैठक पुलिस नियंत्रण कक्ष भिलाई में आयोजित की गई।

बैठक में गणेश विसर्जन एवं आगामी ईद मिलाद उन नबी त्योहार के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था हेतु विस्तृत दिशा निर्देश दिए गए। जुलूस निकालने वाले मार्ग चिन्हित करने, नियत समय पर ही जुलूस निकालने की अनुमति देने तथा गणेश पंडालों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही त्योहारों के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए थाना/चौकी प्रभारियों को मुस्तैदी से सुरक्षा ड्यूटी करने के लिए हिदायत दी गई।

बैठक में गुंडा निगरानी बदमाशों के विरुद्ध बाउंड ओवर की कार्यवाही करने तथा उल्लंघन की स्थिति में कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। फरार निगरानी एवं गुंडा बदमाशों की पतासाजी कर स्थानीय रहवासियों को उनकी गतिविधियों की जानकारी पुलिस को देने के लिए भी जागरूक करने पर बल दिया गया।

इसके अलावा, एक वर्ष से अधिक समय से लंबित प्रकरणों की थानावार समीक्षा की गई। जिन थाना/चौकियों में प्रकरणों का समय पर निराकरण नहीं हो रहा है, उन्हें कड़ी चेतावनी दी गई। साथ ही लंबित स्थायी/गिरफ्तारी वारंट की जल्द से जल्द तामीली करने के निर्देश भी दिए गए।

विशेष रूप से बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चलाने वाले पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों के विरुद्ध भी मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। चाकूबाजी की घटनाओं की रोकथाम पर जोर देते हुए कहा गया कि किसी भी व्यक्ति के पास धारदार हथियार या अवैध चाकू पाए जाने पर कार्रवाई की जाए और स्रोत का पता लगाकर अवैध विक्रेताओं के विरुद्ध भी कानूनी कार्यवाही हो।

अवैध मादक पदार्थ और अवैध शराब विक्रय करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग, नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर, नगर पुलिस अधीक्षक छावनी, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पाटन, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी धमधा, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय, उप पुलिस अधीक्षक लाइन सहित जिले के सभी थाना/चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *