रेकी कर मंदिरों में चोरी करने वाला आरोपी यशवंत उपाध्याय गिरफ्तार


.मंदिरों में चोरी करने वाला आरोपी पुलिस गिरफ्त में।
.घटना के पूर्व मंदिरों में घूम-घूम कर करता था रेकी।
.चोरी करने के पूर्व व बाद बदल लेता था अपने कपड़े।
.मंदिर से सिर्फ नगद रकम ही चोरी करता था, आभूषण छोड़ देता था।
.चोरी के 1282 रुपये के सिक्के एवं जूपीटर वाहन बरामद।
.आरोपी को पकड़ने में सीसीटीवी की रही महत्वपूर्ण भूमिका।
.त्रिनयन एप की रही महत्वपूर्ण भूमिका।
.एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं थाना नेवई की संयुक्त कार्यवाही।


दुर्ग । मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि जिले के थाना नेवई क्षेत्र अंतर्गत जैन मंदिर रिसाली में हुई चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग द्वारा माल-मुलजिम की शीघ्र पतासाजी कर गिरफ्तारी हेतु निर्देश दिये गये थे। जिसके पालन में एसीसीयू एवं थाना नेवई की टीम को पतासाजी के लिये लगाया गया।

इसी तारतम्य में टीम द्वारा घटनास्थल का मुआयना कर अज्ञात आरोपी के पता तलाश हेतु आसपास में लगे सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया गया एवं सायबर टीम की मदद ली गई। मुखबिर लगाए गये। लगातार सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन से आरोपी के आने-जाने वाले रास्ते एवं घर तक पहुंचने का पता चला, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया और पूछताछ की गई।

आरोपी यशवंत उपाध्याय उर्फ राजू, 45 वर्ष, निवासी थाना वैशाली नगर पूर्व में 2011-12 में मारपीट के प्रकरण में जेल जा चुका है। जेल में रहते हुए उसकी मुलाकात चोरी के अन्य अपराधियों से हुई। तभी से उसका झुकाव चोरी की ओर हो गया। वर्ष 2012 में जेल से छूटने के बाद उसने मंदिरों में चोरी करना शुरू किया।

आरोपी मंदिरों में चोरी करने से पहले उनकी रेकी करता था। चोरी की रात वह अपने जूपीटर वाहन में पहुंचकर घटनास्थल से कुछ दूर वाहन खड़ा कर कपड़े बदल लेता था। फिर पैदल जाकर मंदिर का ताला तोड़कर चोरी करता। घटना के बाद वापस जूपीटर के पास आकर दोबारा कपड़े बदल लेता था। बार-बार कपड़े बदलने के कारण उसकी पहचान सीसीटीवी कैमरों में करना कठिन हो जाता था।

चोरी के बाद आरोपी मुख्य मार्ग का उपयोग न करके गली-मोहल्लों से होकर निकलता ताकि कैमरों की जद में न आ सके। अब तक आरोपी ने 10 अलग-अलग मंदिरों में चोरी करना स्वीकार किया है। थाना नेवई-02, सुपेला-03, पद्मनाभपुर-01, भिलाई भट्ठी-02, भिलाई नगर-01 क्षेत्र में मंदिरों से हुई चोरी के अपराध भी उसने कबूल किये हैं।

शहर के जागरूक नागरिकों द्वारा घरों/दुकानों में लगाये गये उच्च गुणवत्ता के कैमरों के कारण आरोपी की निशानदेही में पुलिस को बड़ी मदद मिली। आम नागरिकों के सहयोग से ही ऐसे अपराधियों की गिरफ्तारी संभव हो पाती है। यदि सभी नागरिक इसी तरह जागरूक रहें तो अपराध की घटनाओं को घटित होने से रोका जा सकता है।


गिरफ्तार आरोपी :-
यशवंत उपाध्याय उर्फ राजू, उम्र 45 वर्ष, निवासी थाना वैशाली नगर।

उक्त कार्यवाही में एसीसीयू एवं थाना नेवई की उल्लेखनीय भूमिका रही।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *