
दुर्ग। पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में रहने वाले डॉ. बसंत वर्मा से क्रिप्टो ट्रेडिंग में इन्वेस्टमेंट पर अधिक मुनाफा देने का झांसा देकर 62,78,187 रुपए की ठगी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने पंजाब से गिरफ्तार किया है।
वाट्सएप और टेलीग्राम ग्रुप के माध्यम से फरवरी 2024 से अप्रैल 2024 के बीच डॉक्टर से अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर कराए गए थे। मामले की शिकायत पर पद्मनाभपुर थाने में धारा 420 के तहत FIR दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच में पता चला कि साहिल कुमार के भारतीय स्टेट बैंक खाते में 14.10 लाख रुपए ट्रांसफर हुए हैं। इसके बाद साइबर सेल और पुलिस टीम को पंजाब के मंसा जिले के शार्दुलगढ़ रवाना किया गया, जहां से साहिल कुमार और राकेश कुमार को गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग लाया गया।
पूछताछ में सामने आया कि इस ठगी में संदीप यादव नामक व्यक्ति भी शामिल है, जो आलू का थोक व्यवसाय करता है और दिव्यांग है। उसे न्यायालय में उपस्थित होने का नोटिस दिया गया है।
आरोपियों ने इंडसइंड बैंक, ICICI, पंजाब एंड सिंध बैंक, DBS, कोटक महिंद्रा, SBI और यश बैंक जैसे कई खातों का इस्तेमाल कर ठगी की।
गिरफ्तार आरोपी राकेश कुमार ने ठगे गए पैसों में से 5 लाख रुपये अपनी पत्नी के खाते में ट्रांसफर किए हैं। पुलिस अब अन्य खाताधारकों और आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।