
दुर्ग । “ऑपरेशन सुरक्षा” अभियान के अंतर्गत दुर्ग यातायात पुलिस द्वारा गौ माता की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए एक नई पहल की गई है। इस अभियान के तहत सड़क पर बैठने वाले मवेशियों के गले में रेडियम की पट्टी बांधी जाएगी ताकि रात के समय वे वाहन चालकों को दिखाई दे सकें और दुर्घटनाएं रोकी जा सकें।

इस अभियान की शुरुआत शिव महापुराण कथा के दौरान कथा स्थल मंच से की गई, जहां पंडित प्रदीप मिश्रा द्वारा एक बछिया को रेडियम पट्टी पहनाकर इस अभियान की विधिवत शुरुआत की गई।
कथा में शामिल होने आए लगभग दो लाख श्रद्धालुओं को पंडित द्वारा मंच से वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई। साथ ही दुर्ग पुलिस द्वारा कथा स्थल पर की गई व्यवस्था और जागरूकता कार्यक्रमों की सराहना भी की गई।
दुर्ग यातायात पुलिस जिले की यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने हेतु “ऑपरेशन सुरक्षा” के अंतर्गत चार प्रमुख बिंदुओं पर काम कर रही है—
- सड़कों और चौराहों की अभियंत्रिकी त्रुटियों को दूर करना
- सड़कों से अतिक्रमण एवं अवैध कब्जा हटाना
- वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना
- दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों के कारणों की पहचान कर लापरवाह चालकों पर सख्त कार्रवाई करना
वर्षा ऋतु में मवेशी सूखी जगह की तलाश में सड़कों पर बैठ जाते हैं और रात के समय दिखाई न देने के कारण हादसे हो जाते हैं। इस समस्या के समाधान और मवेशियों की सुरक्षा हेतु सड़क पर बैठे मवेशियों के गले में रेडियम पट्टी बांधने का कार्य दुर्ग पुलिस द्वारा किया जा रहा है।
यह अभियान मवेशियों और वाहन चालकों दोनों की सुरक्षा की दिशा में एक सराहनीय कदम है।