
रायपुर/महासमुंद। रविवार देर रात छत्तीसगढ़ में दो अलग-अलग स्थानों पर भीषण सड़क हादसे हुए, जिनमें कुल 4 युवकों की मौत हो गई और कई घायल हो गए।
पहला हादसा महासमुंद जिले के शेरगांव में हुआ, जहां बाइक और ट्रैक्टर की टक्कर में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो सगे भाई भी शामिल हैं। हादसा शेरगांव मोड़ पर हुआ जब बाइक सवार युवक अपने गांव लौट रहे थे और सामने से आ रहे ट्रैक्टर से टकरा गए। तीनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
दूसरा हादसा बिलासपुर-रायपुर हाइवे पर गुरुनानक ढाबा के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार इनोवा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और कई बार पलटी खा गई। हादसे में कार सवार जैकी गेही की मौत हो गई, जबकि आकाश चंदानी और पंकज छाबड़ा गंभीर रूप से घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद कार 100 से 200 फीट तक घिसटती रही और उसमें सवार युवक बाहर गिरते गए। इस दौरान एक नई अर्टिगा कार भी क्षतिग्रस्त हो गई और उसका चालक घायल हो गया।
घटनाओं की सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है।