
रायपुर। राजधानी रायपुर में शास्त्री चौक से जयस्तंभ चौक व अंबेडकर अस्पताल चौक के बीच पिछले 8 वर्षों से अधूरे स्काईवॉक (फुट ओवरब्रिज) का निर्माण कार्य अब एक हफ्ते के भीतर शुरू किया जाएगा। इस अधूरे प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए रायपुर की एजेंसी पीएसएए कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड को ठेका दिया गया है और कंपनी के साथ अनुबंध भी हो चुका है।
लोक निर्माण विभाग ने जानकारी दी है कि स्काईवॉक के उपयोगी हिस्सों का निर्माण पहले किया जाएगा, जिसमें शास्त्री चौक पर रोटरी का निर्माण भी शामिल है। ठेकेदार को अनुबंधित समय सीमा में कार्य पूरा करना अनिवार्य होगा, और निर्माण कार्य पूर्व अनुमोदित ड्राइंग और डिजाइन के अनुसार ही संपन्न किया जाएगा।
इस प्रोजेक्ट पर कुल 37.75 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे और सभी गैर-एसओआर मदों की दर का विश्लेषण विभागीय नियमों के अनुसार अनुमोदित किया जा रहा है। कार्य की गुणवत्ता की निगरानी और पर्यवेक्षण भी विभागीय मानकों के अनुसार सुनिश्चित किया जाएगा।