
बिलासपुर । बिलासपुर पुलिस ने शहर की एक प्रीमियम शराब दुकान में हुई चोरी का खुलासा करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा किया है।
क्या है मामला?
कुछ दिन पहले शहर की एक शासकीय प्रीमियम वाइन शॉप में चोरी की घटना सामने आई थी। आरोपियों ने दुकान की फॉल सीलिंग काटकर अंदर घुसने का रास्ता बनाया और गल्ले में रखे करीब 97,800 रुपए नकद लेकर फरार हो गए थे।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस द्वारा जांच के दौरान मौके से मिले सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की गई और उन्हें धरदबोचा गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड की मांग पूरी करने के लिए इस चोरी की योजना बनाई थी।
चोरी का पैसा मोबाइल पर खर्च
मुख्य आरोपी ने बताया कि उसने अपनी गर्लफ्रेंड को मोबाइल गिफ्ट करने के लिए दोस्तों के साथ मिलकर इस चोरी की योजना बनाई थी। चोरी के पैसों से खरीदे गए मोबाइल फोन को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
आगे की कार्रवाई
तीनों आरोपियों के खिलाफ विधिवत मामला दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।