
रायपुर । रायपुर के तूता धरना स्थल में 18 दिनों से दिव्यांग अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस ने रात में लाइट बंद करके बलपूर्वक उन्हें हटाने का प्रयास किया, जिसमें अजय कुर्रे नामक दिव्यांग साथी को चोट लग गई।
दिव्यांगों का प्रदर्शन 26 मार्च से शुरू हुआ था, जिसमें शुरू के पांच दिन तेलीबांधा में प्रदर्शन किया गया था। इसके बाद पुलिस ने उन्हें तूता धरना स्थल ले जाकर बैठा दिया, जहां 30 मार्च से उनका धरना प्रदर्शन जारी है।
दिव्यांगों की प्रमुख मांगें हैं कि फर्जी प्रमाणपत्र के सहारे नौकरी कर रहे लोगों को हटाया जाए, मासिक पेंशन में वृद्धि की जाए, बैकलाक भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया जाए और दिव्यांग युवतियों को महतारी वंदन योजना का लाभ दिया जाए।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान सिविल ड्रेस में बिना नंबर की गाड़ी से आए पुलिसकर्मियों ने दिव्यांगों को हटाने का प्रयास किया, जिसमें महिला दिव्यांगों के साथ बदसलूकी भी की गई।