दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता: गांजा और नशीली दवाइयों की तस्करी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद

दुर्ग । दुर्ग पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की बिक्री करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.326 किलोग्राम गांजा, 530 नाइट्राजेपाम टेबलेट, छह मोबाइल, एक टैबलेट और एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन बरामद की है। जब्त किए गए गांजे की कीमत 11,625 रुपये और टेबलेट की कीमत 3,445 रुपये आंकी गई है।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

दुर्ग जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 17 मार्च 2025 को पुलिस को सूचना मिली कि वृंदा नगर, कैम्प-1 स्थित शुलभ शौचालय के पास एक व्यक्ति गांजा बेच रहा है।

सूचना के आधार पर वैशाली नगर थाना प्रभारी अमित कुमार अंदानी के नेतृत्व में पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। टीम ने वहां पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन उसने भागने की कोशिश की। घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

गांजा तस्कर का नाम हुआ उजागर

गिरफ्तार आरोपी की पहचान किरण कुमार रात्रे (30 वर्ष) निवासी कैम्प-1 वृंदा नगर के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास से 11 छोटे पैकेट में गांजा (प्रत्येक में 50 ग्राम) और 1,000 रुपये बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह पिछले 2-3 महीनों से विनोद तिवारी नामक व्यक्ति के लिए गांजा बेच रहा था। विनोद तिवारी उसे गांजा उपलब्ध कराता था, जिसे वह छोटे पैकेट में पैक कर 100 रुपये प्रति पुड़िया बेचता था।

मुख्य सप्लायर भी गिरफ्तार

किरण रात्रे से पूछताछ के बाद पुलिस ने इंदिरा गांधी कॉलेज के पास विनोद तिवारी को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह गांजा और नशीली गोलियां बेचता है। उसने बताया कि जेल से छूटने के बाद उसने राजनांदगांव रेलवे स्टेशन के पास एक अज्ञात महिला से गांजा खरीदा था और रायपुर के मोहदापारा में बड़ी मस्जिद के पास से नाइट्राजेपाम टेबलेट हासिल की थी।

घर से मिला बड़ा स्टॉक

पुलिस ने विनोद तिवारी के घर की तलाशी ली, जहां सीढ़ियों के नीचे छिपाकर रखा गया 1 किलो से अधिक गांजा, 1,000 रुपये नकद, 430 नाइट्राजेपाम टेबलेट के पत्ते, छह मोबाइल, एक सैमसंग टैब और एक इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन बरामद हुई।

आरोपियों को भेजा गया जेल

दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना वैशाली नगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख), 8, 21 के तहत अपराध दर्ज किया गया। 18 मार्च 2025 को दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में वैशाली नगर पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसने त्वरित कार्रवाई कर मादक पदार्थों की तस्करी पर बड़ी चोट पहुंचाई। पुलिस अभियान के तहत आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *