रायपुर: गर्लफ्रेंड को लेकर विवाद में चली गोलियां, चार आरोपी गिरफ्तार, कई हथियार जब्त

गर्लफ्रेंड को लेकर हुआ विवाद, चली गोलियां

रायपुर । रायपुर में गर्लफ्रेंड को लेकर हुए विवाद ने हिंसक झड़प का रूप ले लिया, जिसके दौरान फायरिंग हो गई। इस घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और कई हथियार बरामद किए।

मामले की शिकायत तेलीबांधा थाने में दर्ज

पीड़ित मदनजीत सिंह ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वह उदया सोसायटी में रहता है और ट्रांसपोर्ट का काम करता है। बुधवार को प्रभजोत सिंह और जसपाल सिंह के बीच गर्लफ्रेंड को लेकर विवाद हुआ था। इसे सुलझाने के लिए अगले दिन व्ही. केयर हॉस्पिटल के पास मिलने की योजना बनी थी।

बैठक के दौरान फिर भड़का विवाद

प्रभजोत सिंह ने बातचीत के लिए तेलीबांधा स्थित ‘कार सॉल्यूशन’ में मिलने की बात कही। जब वह वहां पहुंचा तो जसपाल सिंह, उसके पिता जरनैल सिंह उर्फ लल्ली, चाचा हरप्रीत सिंह और कुछ अन्य लोग पहले से मौजूद थे। बातचीत के दौरान विवाद और बढ़ गया।

12 बोर की बंदूक से हुई फायरिंग

गुस्से में आकर जरनैल सिंह और जसपाल सिंह ने अपनी गाड़ी में रखी 12 बोर की बंदूक निकाली और प्रभजोत सिंह पर फायरिंग कर दी। गोली चलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही रायपुर एसपी सहित पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया।

फिल्मी स्टाइल में हुई गिरफ्तारी

पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 10 से ज्यादा टीमें आरोपियों की तलाश में लगा दीं। वी.आई.पी. टर्निंग के पास पुलिस ने भाग रहे आरोपियों को फिल्मी स्टाइल में घेरकर गिरफ्तार कर लिया। एक गाड़ी से जसपाल सिंह रंधावा और अभिजोत रखराज को पकड़ा गया, जबकि दूसरी गाड़ी से जरनैल सिंह रंधावा और हरप्रीत सिंह रंधावा को मोवा-पंडरी के पास से दबोच लिया गया।

हथियारों का जखीरा बरामद

पूछताछ में चारों आरोपियों ने फायरिंग की बात कबूल कर ली। पुलिस ने उनके पास से एक पिस्टल, एक 12 बोर बंदूक, एक स्नाइपर गन, एक चाकू और दो गाड़ियां जब्त की हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *