
दुर्ग । कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ऋचा प्रकाश चौधरी ने लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के नियमों के विपरीत कार्य करने पर तीन कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबित किए गए कर्मचारी हैं रामकुमार मर्सकोले शिक्षक जेआरडी आत्मानंद स्कूल दुर्ग, विनीत वर्मा सहायक राजस्व निरीक्षक नगर पालिक निगम दुर्ग और हरिशंकर साहू उप अभियंता नगर पालिक निगम दुर्ग।
इन कर्मचारियों की ड्यूटी रजिस्ट्रीकरण अधिकारी दुर्ग द्वारा नगर पालिक निगम दुर्ग के निर्वाचक नामावली तैयार करने लगाई गई थी, लेकिन उन्होंने निर्वाचक नामावली तैयार करने के पदीय दायित्वों के निर्वहन में चूक एवं लापरवाही बरती।
निलंबन अवधि में इन्हें नियमानुसार निर्वाह भत्ता पाने की पात्रता होगी। कलेक्टर के आदेशानुसार निलंबन पश्चात शिक्षक मर्सकोले का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी दुर्ग, सहायक राजस्व निरीक्षक वर्मा का मुख्यालय नगर पालिक निगम रिसाली और उप अभियंता साहू का मुख्यालय नगर पालिक निगम रिसाली रहेगा। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है ¹।