
बंगाल । पश्चिम बंगाल के कोलकाता में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपनी बेटी के साथ मिलकर अपनी रिश्तेदार की नृशंस हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों ने शव के टुकड़े-टुकड़े कर एक सूटकेस में भरकर हुगली नदी में फेंकने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय लोगों ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।
हत्या का मकसद अब तक साफ नहीं
कोलकाता पुलिस कमिश्नर मनोज वर्मा के अनुसार, मृतका की पहचान 55 वर्षीय सुमिता घोष के रूप में हुई है, जो असम के जोरहाट की रहने वाली थी और हाल ही में अपनी रिश्तेदारों के साथ रहने कोलकाता आई थी। वह अपने पति से अलग हो चुकी थी। पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है और मां-बेटी से पूछताछ कर रही है। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे संपत्ति और आभूषणों से जुड़ा विवाद होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन स्पष्ट कारणों का अभी पता नहीं चला है।
हुगली में सूटकेस फेंकते समय पकड़ी गईं आरोपी
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिलाएं—फाल्गुनी और उसकी मां आरती घोष, उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम की रहने वाली हैं। मंगलवार सुबह वे एक टैक्सी से अहिरीटोला घाट पहुंचीं और जैसे ही वे एक नीला सूटकेस पानी में फेंकने लगीं, स्थानीय लोगों को शक हुआ और उन्होंने उन्हें पकड़ लिया। जब पुलिस को सूचना दी गई और सूटकेस खोला गया, तो अंदर मानव शरीर के टुकड़े मिले।
पहले दिया गुमराह करने वाला बयान
स्थानीय लोगों ने बताया कि पकड़े जाने पर महिलाओं ने दावा किया कि बैग में उनके पालतू कुत्ते का शव है, लेकिन जब पुलिस ने जांच की, तो सच्चाई सामने आ गई। पुलिस को घटनास्थल से एक लोकल ट्रेन का टिकट भी मिला, जिससे यह पता चला कि शव को ठिकाने लगाने की योजना पहले से बनाई गई थी।
शव पर सड़ने के निशान, पहले ही हो चुकी थी हत्या?
कोलकाता पुलिस कमिश्नर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह संदेह है कि हत्या कुछ दिन पहले ही की गई थी, क्योंकि शव पर सड़ने के निशान थे। संभवतः महिला के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर उसकी हत्या की गई होगी। शव के टुकड़ों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट से हत्या के सही कारणों और समय का खुलासा होगा।
फिलहाल, पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही इसे बारासात जिला पुलिस को सौंपने की योजना है। स्थानीय लोगों के आक्रोश को देखते हुए इलाके में सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।