
मानपुर । छत्तीसगढ़ के मोहला मानपुर में नक्सली संगठन को बड़ा झटका लगा है। यहां माड़ डिविजन के प्रेस टीम के कमांडर पवन तुलावी और उसकी पत्नी पायके ओयाम ने सरेंडर कर दिया है। दोनों पर 5-5 लाख रुपए का इनाम घोषित था। पवन तुलावी मानपुर ब्लॉक के बस्तर सीमावर्ती ग्राम दोरदे का रहने वाला है और अबूझमाड़ के नक्सलियों की प्रेस टीम का कमांडर था। उसकी पत्नी पायके बीजापुर के भैरमगढ़ की रहने वाली थी और केंद्रीय कमेटी सदस्य सोनू उर्फ भूपति की सुरक्षा गार्ड थी।