
बस्तर । महतारी वंदन योजना में धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। बस्तर के जिला कलेक्टर हरिस एस ने महतारी वंदन योजना में ग्राम तालुर से संबंधित अनियमितता की जांच करने के निर्देश दिए हैं। मामले में पता चला है कि एक युवक सनी लियोन के नाम से योजना का लाभ ले रहा था। इसकी शिकायत मिलते ही प्रशासन ने दोषी व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
जांच में पता चला है कि वीरेंद्र जोशी नामक व्यक्ति द्वारा जालसाजी कर अवैधानिक तरीके से राशि का आहरण अपने खाते में किया जा रहा था। संबंधित युवक के विरुद्ध शासन के साथ धोखाधड़ी करने के अपराध में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। उसके बैंक खाते को होल्ड कर वसूली की भी कार्यवाही की जा रही है। इसके अलावा संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और तत्कालीन पर्यवेक्षक के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की जा रही है।