
दुर्ग । दुर्ग जिले के जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र में एक शादी पार्टी के दौरान दो नाबालिग लड़कों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक लड़के ने दूसरे को चाकू मार दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी लड़का खुद जेवरा सिरसा चौकी पहुंचा और पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने बताया कि ग्राम जेवरा में मंगलवार शाम एक शादी थी। वहां पार्टी के दौरान रसगुल्ला ना देने पर दो नाबालिग लड़कों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आदतन बदमाश लड़के ने अपने जेब से चाकू निकाला और दूसरे को मार दिया। चाकू लगने से दूसरा नाबालिग लहूलुहान होकर वहीं गिर गया। इससे वहां भगदड़ मच गई।
इसके बाद आरोपी वहां से निकला और जेवरा सिरसा चौकी पहुंचा। यहां उसने खुद को सरेंडर करते हुए पुलिस को जानकारी दी कि उसने एक लड़के को चाकू मार दिया। पुलिस तुरंत उसे लेकर मौके पर पहुंची। घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर थाने भेजा। साथ ही शव को पीएम के लिए मरचुरी भेजा गया। खबर लिखे जाने तक पीएम चालू है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच की जा रही है।