
सक्ती । सक्ती जिले के तांदुलडीह गांव में एक परिवार के 6 सदस्य घर में कैद थे। बुधवार शाम को गांव वालों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दो युवकों को बेहोश पाया और उन्हें अस्पताल ले जाया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। परिवार के अन्य चार सदस्यों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृतक युवकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिवार के लोग एक बाबा का फोटो लेकर साधना कर रहे थे और कई दिनों से खाली पेट थे। उनमें तीन लड़के, दो युवतियां और उनकी मां शामिल थीं। साधना के दौरान ही दो युवकों की मौत हो गई।
अस्पताल में भर्ती परिवार के दो सदस्य विक्षिप्तों की तरह हरकत कर रहे हैं। यह मामला बुधवार को गांव वालों की सूचना के बाद सामने आया। घर में साधना कर रहे युवकों की मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई यह जांच का विषय है। पुलिस पंचनामा कार्रवाई कर जांच में जुट गई है। पीएम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के बाद ही मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।