
रायपुर । रायपुर में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने राइस मिलर में जांच की। इस दौरान धान एवं चावल जब्त किया गया। खाद्य नियंत्रक भूपेंद्र मिश्रा ने बताया कि आरंग के मेसर्स कृष्णा फूड्स में जांच की गई और आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने राईस मिलरों को 28 अक्टूबर 2024 तक नागरिक आपूर्ति निगम में चावल जमा करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रतिदिन जमा किए जाने वाले चावल की मानिटरिंग के लिए खाद्य विभाग को निर्देश जारी किए गए। इसके अलावा, नागरिक आपूर्ति निगम के डिपो को अवकाश के दिनों में भी खोले जाने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में अनुपस्थित राईस मिलरों के विरूद्ध कार्रवाई करने के लिए अनुविभागीय अधिकारी, सहायक खाद्य अधिकारी एवं खाद्य निरीक्षक को निर्देशित किया गया। साथ ही जिला विपणन अधिकारी को प्रतिदिन लक्ष्य अनुरूप नागरिक आपूर्ति निगम में चावल जमा नहीं करने वाले राईस मिलर की बैंक गारंटी जब्त करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में अनुपस्थित राईस मिलर्स मेसर्स गोयल हर्ष, मेसर्स कृष्णा फूड्स, मेसर्स रानूलाल गांधी राईस मिल, मेसर्स गुरूनानक राईस इंडस्ट्रीज की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में जिला खाद्य नियंत्रक, जिला विपणन अधिकारी एवं जिला प्रबंधक, नागरिक आपूर्ति निगम तथा जिले के राईस मिलर्स उपस्थित रहे।