
कोंडागांव । समय के साथ समृद्ध होती टेक्नालॉजी ठगों के लिए हरियाली बनती जा रही है, जिसमें छोटे-बड़े, अनपढ़-पढ़े लिखे सभी शिकार हो रहे हैं। ताजा मामला कोंडागांव एसपी अक्षय कुमार के नाम से फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर ठगी करने का है, जिसमें कोंडागांव पुलिस ने दो आरोपियों को हरियाणा के नूह से गिरफ्तार किया है।
कोंडागांव पुलिस को 7 अक्टूबर को प्रकाश नारायण सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके फेसबुक एकाउंट में पुलिस अधीक्षक अक्षय कुमार के नाम से फ्रेंड रिक्वेस्ट आया, जिसे उन्होंने एक्सेप्ट किया था। इसके बाद, 3 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक के फर्जी फेसबुक एकाउंट से मैसेज आया कि उनके दोस्त सीआरपीएफ 188 बटालियन कोंडागांव में पदस्थ आशीष कुमार का स्थानांतरण जम्मू कश्मीर हो गया है, इसलिए वे अपने पुराने घर के सामान को बेचना चाहते हैं।
इस मैसेज में आशीष कुमार का नंबर दिया गया था, जिससे प्रकाश नारायण सिंह को बात करने और सामान खरीदने के लिए कहा गया था। लेकिन प्रकाश नारायण सिंह ने अपनी सूझबूझ से काम लिया और पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करा दी। इसके बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।