सूरजपुर हत्याकांड: मां और बेटी की हत्या से प्रदेश में सनसनी, आरोपी अभी भी फरार

सूरजपुर । सूरजपुर जिले में प्रधान आरक्षक तालिब शेख की पत्नी और बेटी की सोमवार को बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस दोहरे हत्याकांड ने पूरे प्रदेश को हिलाकर रख दिया है। मंगलवार को मां और बेटी का जनाजा गृह ग्राम मनेंद्रगढ़ से उठाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह ने भी अंतिम यात्रा में शामिल होकर जनाजा को कंधा दिया। मनेंद्रगढ़ के मौहारपारा कब्रिस्तान में मां और बेटी के शव को सुपुर्द ए खाक किया गया। अंतिम यात्रा में सभी समुदायों के लोग उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में पुलिस बल भी मौजूद रहा।

इस हत्याकांड के आरोपी कुलदीप साहू अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस सरगर्मी से उसकी तलाश कर रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले एक पुलिसकर्मी से बहस की थी और फिर होटल में खौलते हुए तेल फेंक दिया था, जिसमें आरक्षक जल गया था।

इसके बाद आरोपी ने प्रधान आरक्षक तालिब शेख के किराए के मकान में घुसकर उनकी पत्नी और बेटी की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं।

इस हत्याकांड के बाद पूरे प्रदेश में आक्रोश है। लोग आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह ने आश्वासन दिया है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *