राजनांदगांव का नाबालिग कारोबारी परिवार का सदस्य निकला एयर इंडिया फ्लाइट को उड़ाने की धमकी देने वाला

रायपुर । मुंबई पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है, जब उन्होंने एयर इंडिया की फ्लाइट AI 119 को उड़ाने की धमकी देने वाले आरोपी को ढूंढ निकाला। आरोपी छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव का एक नाबालिग निकला, जो एक कारोबारी परिवार से ताल्लुक रखता है।

नाबालिग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर धमकी देने के बाद मुंबई पुलिस की विशेष पांच सदस्यीय टीम ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी से राष्ट्रीय स्तर पर खलबली मच गई थी, जिसके बाद मुंबई पुलिस कमिश्नर ने विशेष जांच टीम गठित की।

टीम का नेतृत्व 2015 बैच के आईपीएस अधिकारी और मुंबई एयरपोर्ट के डीसीपी मनीष कलवानिया कर रहे हैं। जांच टीम धमकी देने वाले शख्स की तलाश करते हुए मुंबई से छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव पहुंची और वहां कारोबारी के नाबालिग बेटे को हिरासत में लिया गया है।

इस धमकी के चलते फ्लाइट की दिल्ली एयरपोर्ट में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। एयर इंडिया की फ्लाइट AI 119 मुंबई से न्यूयॉर्क के लिए रवाना थी, जब ट्वीट के माध्यम से बम की सूचना दी गई। मुंबई पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई करते हुए नाबालिग को हिरासत में लिया और उससे पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *