
रायपुर। लॉरेंस बिश्नोई के करीबी कुख्यात गैंगस्टर अमन साहू को सीबीआई स्पेशल मजिस्ट्रेट भूपेश कुमार बसंत की कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने अमन साहू को 19 अक्टूबर तक पुलिस रिमांड पर भेजने का आदेश दिया है। इस दौरान पूछताछ के समय अमन साहू के वकील की उपस्थिति की भी अनुमति दी गई है।
रायपुर पुलिस अमन साहू से आगे की पूछताछ करेगी, जिसके तहत उसकी आपराधिक गतिविधियों और नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है। अमन साहू पर रायपुर के तेलीबांधा इलाके में एक कारोबारी के ऑफिस के बाहर गोलीबारी कराने का आरोप है। इस मामले में पहले ही पुलिस ने गैंग की एक महिला सदस्य समेत 12 अन्य सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
अमन साहू के खिलाफ झारखंड में दर्जनों मामले दर्ज हैं। हर दूसरे-तीसरे दिन झारखंड के अलग-अलग कोर्ट में वर्चुअल सुनवाई होती है। वह हार्डकोर अपराधी है, इस लिहाज से गिरिडीह जेल प्रशासन अमन की पेशी और सुरक्षा का हवाला देकर अमन को प्रोटेक्शन वारंट में भेजने से बचती है।
तेलीबांधा थाने के पास स्थित कंस्ट्रक्शन कंपनी पीआरए ग्रुप के ऑफिस के बाहर 13 जुलाई 2024 को करीब 11 बजे पल्सर बाइक सवार दो शूटरों ने दफ्तर के बाहर पार्किंग एरिया में फायरिंग की। इसके बाद नकाबपोश शूटर्स मौके से फरार हो गए। जिसके बाद आरोपियों को पकड़ने पुलिस ने पूरे शहर में नाकेबंदी की।