
बलौदाबाजार । बलौदाबाजार जिले के हिरमी स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट में एक मजदूर की लाश मिली है, जिससे प्लांट में हड़कंप मच गया है। मजदूरों में आक्रोश फैल गया है और वे कंपनी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।
मजदूरों ने बताया कि जब भी कंपनी में कोई घटना होती है, तो कंपनी अक्सर उसे दबाने की कोशिश करती है और मजदूरों पर दबाव बनाती है। साथ ही, नौकरी से निकाल देने की धमकी भी दी जाती है, जिससे मजदूर भयभीत रहते हैं।
आज की घटना में भी यही हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के पहुंचने से पहले ही रस्सी से लटकी मजदूर की लाश को नीचे उतारकर वहां से हटा दिया गया था।
घटना के बाद सुहेला थाना पुलिस समेत अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। वहीं, पुलिस मजदूरों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास कर रही है।
एसडीओपी भाटापारा एश्वर्य चंद्राकर ने बताया कि घटना हुई है और पुलिस जांच में जुटी है। घटना का कारण अभी अज्ञात है। पंचनामा कार्रवाई की जा रही है। घटना के कारण की जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही सामने आएगी।