
कवर्धा। चिल्फी घाटी के नागमोरी के पास 23 नवंबर को दो ट्रकों के बीच टक्कर के बाद एक ट्रक सड़क पर पलट गया। हादसे के चलते मौके पर जाम जैसी स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही डायल 112 और थाना चिल्फी पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभालते हुए आवागमन सुचारू कराया।
जानकारी के अनुसार, डायल 112 की रिजर्व चिल्फी पैंथर-01 टीम को C4 के माध्यम से दुर्घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर थाना चिल्फी पुलिस के साथ समन्वय बनाते हुए यातायात व्यवस्थित किया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से घाटी में वाहनों का आवागमन सामान्य हो गया।
पुलिस टीम ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक के चालक और परिचालक का हालचाल भी जाना। दोनों सुरक्षित थे और उन्हें कोई चोट नहीं आई थी। पुलिस ने उन्हें चिकित्सकीय परीक्षण के लिए अस्पताल जाने की सलाह दी, लेकिन दोनों ने स्वयं को स्वस्थ बताते हुए अस्पताल जाने से इनकार कर दिया।