
कवर्धा। स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कबीरधाम यातायात पुलिस ने विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान केंद्रीय विद्यालय सहित विभिन्न स्कूलों के बच्चों को लाने-ले जाने वाली 35 वाहनों के चालकों एवं परिचालकों का ब्रेथ एनालाइजर से परीक्षण किया गया।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में 23 नवंबर को चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य स्कूल वाहन चालकों द्वारा नशे की हालत में वाहन चलाने की शिकायतों की जांच करना था। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा यातायात उप पुलिस अधीक्षक अपूर्वा क्षत्रिय के निर्देशन में की गई।
यातायात शाखा प्रभारी उप निरीक्षक अजयकांत तिवारी के नेतृत्व में हुई जांच के दौरान किसी भी चालक या परिचालक को शराब अथवा अन्य नशे की हालत में वाहन चलाते हुए नहीं पाया गया।
पुलिस टीम ने सभी चालकों एवं परिचालकों को यातायात नियमों का पालन करने और वाहन संचालन के दौरान सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि स्कूल बसों की आकस्मिक जांच आगे भी जारी रहेगी।
अभिभावकों से पुलिस की अपील
कबीरधाम यातायात पुलिस ने अभिभावकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे स्कूल वाहनों एवं चालकों की गतिविधियों पर नजर रखें। यदि कोई चालक नशे की हालत में वाहन चलाता दिखाई दे, तो तत्काल यातायात पुलिस को सूचना दें।
