
कवर्धा। पंडरिया विधानसभा के वनांचल एवं आदिवासी क्षेत्रों में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। विधायक भावना बोहरा ने कुल ₹9 करोड़ 33 लाख 1 हजार रुपये की लागत से दो प्रमुख सड़क निर्माण एवं नवीनीकरण कार्यों का भूमिपूजन किया।

इनमें लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत ₹5 करोड़ 71 लाख 59 हजार रुपये की लागत से डेंगुरजाम से अमनिया तक 3.20 किलोमीटर सड़क निर्माण तथा मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत ₹3 करोड़ 61 लाख 42 हजार रुपये की लागत से देवसरा से कुई तक 7.4 किलोमीटर सड़क का नवीनीकरण शामिल है।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि सड़कें विकास की आधारशिला हैं। इनके निर्माण से ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बाजार तक पहुंच आसान होगी।
उन्होंने कहा कि पंडरिया विधानसभा के वनांचल एवं आदिवासी क्षेत्रों का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में गांवों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर उन्होंने वनांचल क्षेत्रों में 100 किलोमीटर से अधिक सड़कों के निर्माण, पीएम जनमन योजना के तहत 3500 आवास, पेयजल, बिजली, छात्राओं के लिए निःशुल्क बस सेवा, एम्बुलेंस और मोबाइल हेल्थ लैब जैसी सुविधाओं का भी उल्लेख किया।
भूमिपूजन कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।