8 साल से फरार हत्या के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार, सुपेला पुलिस ने दबोचा

दुर्ग। वर्ष 2019 में हत्या के प्रयास के मामले में पिछले 8 साल से फरार चल रहे आरोपी को सुपेला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, 26 अक्टूबर 2019 को विनय यादव उर्फ नेपाली अपने साथी के साथ शीतला तालाब के पास बैठा था। इसी दौरान आरोपी पोने सिंह और उसके साथी ने शराब पीने के लिए उससे पैसों की मांग की। पैसे देने से मना करने पर दोनों ने गाली-गलौज करते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी।

आरोप है कि एक आरोपी ने विनय यादव को पकड़ लिया, जबकि दूसरे ने धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया। हमले में पीड़ित की पीठ, कमर और दाहिने सीने में गंभीर चोटें आई थीं। घटना के बाद सुपेला थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले में हत्या के प्रयास की धारा भी जोड़ी गई।

विवेचना के दौरान एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर उसके खिलाफ चालान न्यायालय में पेश किया जा चुका था, लेकिन सह-आरोपी पोने सिंह घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी।

इसी दौरान 17 जुलाई 2026 को मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पोने सिंह को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसकी घटना में संलिप्तता सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान पोने सिंह, उम्र 38 वर्ष, निवासी शंकर पारा, स्कूल के पास, वार्ड क्रमांक 12, सुपेला के रूप में हुई है। इस कार्रवाई में कोई नई जब्ती नहीं की गई है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी लंबे समय से फरार था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। कार्रवाई में थाना प्रभारी पारस ठाकुर, उप निरीक्षक धनेश्वर साहू, सहायक उप निरीक्षक गंगाराम रावत, प्रधान आरक्षक शुभोध पाण्डेय और पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *