
दुर्ग । भिलाई के सुपेला स्थित होटल सेंट्रल पार्क में विश्व मानवाधिकार परिषद (WHRC) छत्तीसगढ़ इकाई द्वारा राष्ट्रीय पदाधिकारियों के सम्मान में स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मानव अधिकार संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक न्याय, जनजागरूकता और जनसेवा से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। समारोह में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एम.आर. अंसारी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हाजी साहब और लीगल सेल की राष्ट्रीय अध्यक्ष पायल पोपटानी विशेष रूप से मौजूद रहे, जिनका पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष एम.आर. अंसारी ने कहा कि मानव अधिकारों की रक्षा केवल कानूनी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रति प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व भी है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय, सम्मान और अधिकार पहुंचाना है। उन्होंने यह भी बताया कि विश्व मानवाधिकार परिषद आज देश के 28 राज्यों में 10 हजार से अधिक सदस्यों के साथ कार्य कर रही है और संगठन के पास आने वाली हर शिकायत पर सहायता का प्रयास किया जाता है। यदि किसी मामले का समाधान संगठन स्तर पर नहीं हो पाता, तो न्यायालय का रास्ता हमेशा खुला रहता है।

कार्यक्रम के दौरान संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों को प्रमाण-पत्र एवं अधिकृत पहचान पत्र वितरित किए गए। साथ ही मानव अधिकारों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, जरूरतमंदों की सहायता करने और सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संकल्प दिलाया गया। इस अवसर पर वर्ष 2026 में आयोजित रक्तदान शिविर, विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री वितरण, गर्मी में पेयजल एवं शरबत वितरण सहित विभिन्न जनहितकारी अभियानों की जानकारी भी साझा की गई।
समारोह में रेड ड्रॉप फ्रेंड्स क्लब छत्तीसगढ़ के संयोजक सूरज साहू को रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वहीं सर्व समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह छोटू ने संगठन के कार्यों की सराहना की। केंद्रीय विद्यालय चरोदा के शिक्षक कौस्तुभ नायक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान मौसमी को विश्व मानवाधिकार परिषद की स्टेट प्रेसिडेंट (वूमेन सेल), छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी सौंपी गई। संगठन ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में महिला विंग महिलाओं के अधिकार, सुरक्षा और जागरूकता के क्षेत्र में प्रभावी कार्य करेगी।
समारोह में स्टेट प्रेसिडेंट कुलवंत सिंह, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट सुशील कुमार झा, वाइस प्रेसिडेंट डॉ. मूलचंद जैन, एजुकेशन सेल के स्टेट प्रेसिडेंट संतोष कुमार पांडेय सहित संगठन के कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में स्टेट प्रेसिडेंट कुलवंत सिंह ने सभी राष्ट्रीय पदाधिकारियों, अतिथियों और सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विश्व मानवाधिकार परिषद छत्तीसगढ़ भविष्य में भी मानव सेवा, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक न्याय और मानव अधिकार संरक्षण के क्षेत्र में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा।