भिलाई में स्कूल छात्रों से मारपीट कर शराब के लिए पैसे वसूलने वाले दो बदमाश गिरफ्तार, दो नाबालिग भी अभिरक्षा में

भिलाई। दुर्ग जिले के खुर्सीपार थाना क्षेत्र में स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों को रोककर मारपीट करने, गाली-गलौज करने और शराब पीने के लिए पैसे मांगने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में शामिल दो अपचारी बालकों को भी किशोर न्याय अधिनियम के तहत अभिरक्षा में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार 13 जुलाई की रात खुर्सीपार निवासी मोहम्मद शब्बीर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ युवक स्कूल के छात्रों को रास्ते में रोककर उनसे मारपीट करते हैं, गाली-गलौज करते हैं और शराब पीने के लिए पैसों की मांग करते हैं। पैसे देने से इनकार करने पर छात्रों को डराया-धमकाया जाता था।

शिकायत के बाद खुर्सीपार थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने स्कूल समय के दौरान घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में जांच की तथा पीड़ित विद्यार्थियों से आरोपियों की पहचान कराई।

जांच के दौरान युवराज साहू (19 वर्ष) और शेखर गुप्ता (21 वर्ष) की पहचान हुई। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने 14 जुलाई को उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। अदालत के आदेश पर दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। वहीं, मामले में शामिल दो अपचारी बालकों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत अलग से कार्रवाई की गई।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सुनसान स्थानों पर स्कूल के छात्रों को रोकते थे, उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज करते थे तथा शराब पीने के लिए पैसे मांगते थे। विरोध करने पर छात्रों को धमकाकर भय का माहौल बनाया जाता था।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोटरसाइकिल और एक लकड़ी का हॉकी स्टिक बरामद किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *