दुर्ग में खूनी संघर्ष: कुंदरापारा में युवक की पीट-पीटकर हत्या, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

दुर्ग। शहर के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र स्थित कुंदरापारा में रविवार रात एक खूनी संघर्ष में युवक की हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है। मृतक की पहचान लेखराम कोठारी के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इसी दौरान लेखराम कोठारी पर पत्थर, ईंट और डंडों से हमला किया गया। हमले में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और पद्मनाभपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी में मृतक के खिलाफ पहले से कुछ आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की बात सामने आई है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का भी फिलहाल खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

नोट: मृतक के आपराधिक रिकॉर्ड या अन्य कारणों से जुड़ी जानकारी की पुलिस द्वारा अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इसलिए जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *