
दुर्ग/भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) में रविवार दोपहर एक दर्दनाक औद्योगिक हादसा हो गया। संयंत्र के यूआरएम (यूनिवर्सल रेल मिल) विभाग के क्रेन मेंटेनेंस सेक्शन में कार्यरत 38 वर्षीय जूनियर एसोसिएट इंजीनियर विनोद कुमार यादव की ड्यूटी के दौरान करंट लगने से मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि विनोद कुमार यादव ओवरहेड क्रेन पर मेंटेनेंस का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान वे अचानक बिजली की चपेट में आ गए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
यह हादसा रविवार दोपहर करीब 4 बजे हुआ। घटना की सूचना मिलते ही भिलाई इस्पात संयंत्र के वरिष्ठ अधिकारी और भट्ठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसा तकनीकी खराबी, सुरक्षा में चूक या किसी अन्य वजह से हुआ। पुलिस और संयंत्र प्रबंधन पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।