
दुर्ग। मोहन नगर और पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की वारदातों का दुर्ग पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर करीब 32 लाख रुपये का चोरी का सामान, चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार और तीन वाहन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ समय से दोनों थाना क्षेत्रों में सूने मकानों में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही थीं। इसके बाद विशेष अभियान चलाया गया। रात्रिकालीन गश्त, सघन नाकेबंदी, सीसीटीवी फुटेज की जांच, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।
10 जुलाई की रात नाकेबंदी के दौरान पुलिस को एक सफेद रंग की इंडिगो कार संदिग्ध हालत में दिखाई दी। पुलिस ने वाहन रोकने का प्रयास किया तो चालक भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। वाहन की तलाशी लेने पर दो एलईडी टीवी, एक डीवीआर और चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने मोहन नगर और पद्मनाभपुर क्षेत्र में हुई आठ चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया।
मुख्य आरोपी अनुराग मिश्रा (41 वर्ष), निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, जामुल, पहले मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) के रूप में काम करता था। पूछताछ में उसने बताया कि ऑनलाइन लोन और बढ़ते कर्ज के कारण आर्थिक परेशानी में आने के बाद उसने चोरी करना शुरू कर दिया। आरोपी पहले सूने मकानों की रेकी करता था और रात के समय घरों में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य कीमती वस्तुएं चोरी करता था।
जांच में यह भी सामने आया कि चोरी के सोने के आभूषणों को आरोपी अलग-अलग फाइनेंस कंपनियों में गिरवी रखकर ऋण लेता था। पुलिस ने वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए मुथूट फाइनेंस, आईआईएफएल फाइनेंस और बजाज गोल्ड फाइनेंस समेत विभिन्न फाइनेंस कंपनियों से गिरवी रखे गए आभूषण भी बरामद कर लिए हैं।
इस मामले में तुषार मिश्रा (40 वर्ष), निवासी कैलाश नगर, भिलाई को भी गिरफ्तार किया गया है। जांच में पता चला कि चोरी से प्राप्त रकम का कुछ हिस्सा उसके बैंक खाते में ट्रांसफर किया गया था।
पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 168 ग्राम सोने के आभूषण, 150 ग्राम चांदी के आभूषण, दो एलईडी टीवी, एक डीवीआर, चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार, एक इंडिगो कार, एक फोर्ड इकोस्पोर्ट और एक एक्सेस स्कूटी बरामद की है। बरामद सामान की कुल कीमत लगभग 32 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने मोहन नगर और पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में दर्ज आठ चोरी के मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।