
दुर्ग। धमधा थाना पुलिस ने सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक से संबद्ध सेव फाइनेंशियल मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड की धमधा शाखा में हुई 1 करोड़ 11 लाख 93 हजार 173 रुपये की धोखाधड़ी के मामले में 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, कंपनी के ऑडिट में खुलासा हुआ कि शाखा में पदस्थ कर्मचारियों ने महिलाओं को दिए गए ऋण की किस्त, लोन क्लोजर और अन्य भुगतान के रूप में 267 ग्राहकों से प्राप्त राशि कंपनी में जमा नहीं की। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने आपराधिक षड्यंत्र के तहत कुल 1,11,93,173 रुपये का गबन कर धोखाधड़ी की।
शिकायत के आधार पर धमधा थाना में अपराध क्रमांक 176/2026 के तहत बीएनएस की धारा 316(5), 318(4) और 61(2) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने अनिल विश्वकर्मा (23), निवासी साजा, जिला बेमेतरा और संदीप कुमार खूंटीहरे (31), निवासी पाटन, जिला दुर्ग को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वित्तीय लेन-देन केवल अधिकृत माध्यमों से करें और किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।