
दुर्ग। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नेवई पुलिस ने अवैध रूप से नशीली टेबलेट की बिक्री करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 52 हजार रुपये कीमत की अल्प्राजोलम टेबलेट जब्त की है।
पुलिस को 24 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्टेशन मरौदा क्षेत्र का एक युवक शिवपारा स्थित शीतला तालाब के पास अपने घर के सामने नशीली टेबलेट बिक्री के लिए रखे हुए है। सूचना मिलते ही नेवई पुलिस टीम ने गवाहों और स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने स्टेशन मरौदा निवासी सुजल सिंह (22) को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से ALPRAZOLAM TABLET I.P. 0.5 mg (ALPRAWIN 0.5) की 13 पत्तियां बरामद हुईं। जब्त नशीली टेबलेट का कुल वजन 16.12 ग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत 52 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 415/2026 के तहत धारा 22(बी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।