
भिलाई। भिलाई नगर थाना क्षेत्र में ईदगाह परिसर की दीवारों की पुताई और रंग-रोगन को लेकर हुए विवाद में प्राणघातक हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 14 जून 2026 को मोहर्रम पर्व के दौरान लाल मैदान, सेक्टर-06 भिलाई में ईदगाह परिसर की दीवारों के रंग-रोगन संबंधी कार्य को लेकर बैठक आयोजित की गई थी। बैठक के दौरान विवाद बढ़ गया, जिसके बाद आरोपी ने एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद भिलाई नगर थाना में अपराध क्रमांक 323/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर फरार आरोपी की तलाश कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान वसीम परवेज उर्फ राजा (41 वर्ष), निवासी सेक्टर-06, भिलाई नगर के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि घटना का कारण ईदगाह परिसर की दीवारों की पुताई एवं रंग-रोगन को लेकर उत्पन्न विवाद था। मामले में थाना भिलाई नगर की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विवाद का समाधान शांतिपूर्ण और कानूनी तरीके से करें। कानून अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।