
कबीरधाम। जिले के कुण्डा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दंपति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका 4 साल का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान सारंगढ़ निवासी कृष्णा आढिले और उनकी पत्नी कीर्ति आढिले के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कृष्णा अपनी पत्नी और बेटे के साथ बाइक से अपने ससुराल कोलेगांव जा रहे थे। इसी दौरान कुण्डा थाना क्षेत्र में सामने से आ रहे ट्रक को पास देते समय बाइक सड़क किनारे गीली मिट्टी में फिसल गई।
बाइक अनियंत्रित होकर गिरते ही पति-पत्नी सीधे ट्रक के पहियों के नीचे आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं उनका 4 साल का बेटा दूर जाकर गिरा, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुण्डा में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने सड़क पर प्रदर्शन करते हुए प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। वहीं दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की जा रही है।