CSVTU में पीएचडी शोधार्थियों से 9.44 लाख की ठगी का खुलासा, फर्जी रसीद काटने वाला आरोपी गिरफ्तार


दुर्ग। थाना नेवई क्षेत्र अंतर्गत छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (CSVTU), भिलाई में पीएचडी शोधार्थियों से फीस के नाम पर धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने फर्जी रसीद जारी कर नकद राशि गबन करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
विश्वविद्यालय प्रशासन की शिकायत पर गठित दो सदस्यीय जांच समिति की प्रारंभिक जांच में कुल 9,44,500 रुपये की गबन राशि सामने आई। जांच में पाया गया कि पीएचडी शाखा में कार्यरत कनिष्ठ सलाहकार सुनील कुमार प्रसाद द्वारा शोधार्थियों से नकद शुल्क लेकर फर्जी रसीदें जारी की गईं।
प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर थाना नेवई में अपराध क्रमांक 062/2026 धारा 316(2), 336(3), 338, 340(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसका मेमोरण्डम कथन लेकर जप्ती कार्रवाई की गई।
09 फरवरी 2026 को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल दाखिल किया गया।
आरोपी
सुनील कुमार प्रसाद (38 वर्ष), निवासी एचएससीएल कॉलोनी, रूआबांधा, थाना नेवई, जिला दुर्ग।
जप्त सामग्री
फर्जी शुल्क रसीदें एवं संबंधित दस्तावेज।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *