दुर्ग पुलिस की समीक्षा बैठक: महिला कमांडो गठन, चाकूबाज-नशेड़ियों पर सख्त कार्रवाई और लंबित मामलों के निपटारे के निर्देश




दुर्ग । दुर्ग जिला पुलिस द्वारा 16 जनवरी 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम, सेक्टर-6 भिलाई में जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुल 10 बिंदुओं पर चर्चा करते हुए कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण पर जोर दिया गया।


बैठक में पूर्व वर्षों से लंबित मर्ग, शिकायतों और साइबर अपराध के प्रकरणों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए गए। लंबित मामलों में ठोस साक्ष्य संकलन कर केस को मजबूत बनाने तथा जनता और पुलिस से संबंधित शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।
महिलाओं की सुरक्षा को और प्रभावी बनाने के लिए महिला कमांडो के गठन के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही जिले में सक्रिय चाकूबाजों और नशेड़ियों की पहचान कर सूचीबद्ध करने तथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने पर सहमति बनी।
अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों पर निगरानी बढ़ाने और कठोर कार्रवाई करने, गुंडा-बदमाशों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने तथा अवैध कार्यों में शामिल आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए। पुराने लंबित साइबर फ्रॉड मामलों के शीघ्र निराकरण पर विशेष जोर दिया गया।
समीक्षा बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग, नगर पुलिस अधीक्षक छावनी, पाटन एसडीओपी, रक्षित केंद्र के अधिकारी, नेवई नगर पुलिस अधीक्षक सहित जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *