
दुर्ग। दुर्ग जिले में अपराधियों के हौसले दिन-ब-दिन बढ़ते जा रहे हैं। बीते 10 दिनों में जिले में 5 हत्याओं की वारदात सामने आ चुकी हैं, जिससे आम लोगों में दहशत का माहौल है। ताजा मामला मोहन नगर थाना क्षेत्र के शंकर नगर, गली नंबर 3 का है, जहां बीती रात युवक चुनचुन विश्वकर्मा की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी गई।

जानकारी के अनुसार, रात करीब 1 बजे चुनचुन विश्वकर्मा अपने घर में सो रहा था, तभी चार युवक उसके घर के बाहर पहुंचे और आवाज लगाई। वह जैसे ही बाहर निकला, आरोपियों ने गाली-गलौज और हाथापाई शुरू कर दी। इसी दौरान एक युवक ने चाकू निकालकर उसके छाती और पेट पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल चुनचुन मौके पर गिर पड़ा।
परिजन शोर सुनकर बाहर आए, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। घायल को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मोहन नगर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर शव को मर्चुरी में रखवाया है।
एसएसपी ने थाना प्रभारी को किया लाइन अटैच
जिले में लगातार बढ़ते अपराध को देखते हुए एसएसपी दुर्ग ने कोतवाली थाना प्रभारी तपेश्वर नेताम को लाइन अटैच कर दिया है। उनकी जगह नवीन कुमार को नए थाना प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है।
