
दुर्ग । जिला दुर्ग में वर्षों से लंबित स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटों की तामिली हेतु 20 अगस्त से 22 अगस्त 2025 तक दुर्ग पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया।

इस दौरान जिले के सभी थाना क्षेत्रों में वारंटियों की पता-साजी हेतु 31 विशेष टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। अभियान में लगभग 200 अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। तीन दिवसीय कार्रवाई में 107 बेमियादी और 148 गिरफ्तारी वारंट सहित कुल 255 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार सभी वारंटियों के नाम सूचीबद्ध कर उनके फिंगरप्रिंट लेकर डाटाबेस तैयार किया गया। पूरे अभियान की मॉनीटरिंग राजपत्रित अधिकारियों द्वारा की गई। पुलिस ने सभी वारंटियों को कड़े शब्दों में अपराध से दूर रहने की हिदायत दी। अभियान के दौरान थाना नेवई के वर्ष 2009 के प्रकरण में फरार चल रहे एक वारंटी को भी गिरफ्तार करने में सफलता मिली।
