
तेलंगाना । तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के शंकरपल्ली से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने कोंडाकल रेलवे गेट और शंकरपल्ली के बीच रेलवे ट्रैक पर कार दौड़ा दी। इससे रेल सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो गईं। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, सूचना मिलते ही कर्मचारियों ने महिला को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह तेज रफ्तार में पटरी के बीचोबीच कार चलाती रही।
स्थिति बिगड़ते देख ट्रैक पर आ रही ट्रेन को इमरजेंसी में रोकना पड़ा। महिला को कार से उतारने, वाहन को ट्रैक से हटाने और पटरियों की जांच में करीब 30 मिनट लग गए। इस दौरान अफरा-तफरी तब और बढ़ गई जब महिला के हाथ में ‘चॉकलेट’ जैसी संदिग्ध वस्तु देखकर कर्मचारी घबरा गए।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में लिया। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि महिला नशे में हो सकती है। घटना के चलते बेंगलुरु से हैदराबाद आने वाली सहित कई ट्रेनें लगभग 45 मिनट तक रुकी रहीं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।