बेमेतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई गांजा तस्करी में लिप्त आरोपी गिरफ्तार एक क्विंटल से अधिक मादक पदार्थ जब्त कुल कीमत पंद्रह लाख से अधिक


बेमेतरा । बेमेतरा जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत ANTF बेमेतरा पुलिस टीम ने बड़ी सफलता अर्जित की है। मादक पदार्थों की अवैध बिक्री में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक क्विंटल तीन किलोग्राम अवैध गांजा सहित परिवहन में प्रयुक्त वाहन, नगद रकम और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं जिनकी कुल कीमत लगभग पंद्रह लाख चालीस हजार रुपये आंकी गई है।

दिनांक एक जून दो हजार पच्चीस को ANTF बेमेतरा टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक सफेद रंग की पिकअप वाहन में अवैध गांजा राका कठिया की ओर से सरदा की दिशा में बिक्री हेतु परिवहन किया जा रहा है। इस सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में ग्राम सरदा आंदु चौक पर घेराबंदी कर वाहन क्रमांक सीजी 04 एडी 7437 को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन के डाले के नीचे भारी मात्रा में खाकी रंग की टेप से पैक किए गए गांजे के कुल 103 पैकेट बरामद हुए।

पुलिस द्वारा मौके पर आरोपी मोहम्मद खान उर्फ अयाज पिता इमतियाज खान उम्र 24 वर्ष निवासी मछली मार्केट पावर हाउस भिलाई जिला दुर्ग को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से एक क्विंटल तीन किलोग्राम गांजा जिसकी बाजार कीमत लगभग दस लाख रुपये है, एक पिकअप वाहन जिसकी अनुमानित कीमत पांच लाख रुपये है, नगद रकम तैंतीस हजार रुपये और दो मोबाइल फोन कीमत लगभग सात हजार रुपये बरामद किए गए। इस प्रकार कुल 15 लाख 40 हजार रुपये की सामग्री जब्त की गई है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गांजा को उड़ीसा से लाकर भिलाई में बिक्री के लिए ले जा रहा था। आरोपी के विरुद्ध थाना बेरला में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में थाना बेरला प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कांत सिंह, सायबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक मयंक मिश्रा, सहायक उपनिरीक्षक दिनेश चंद शर्मा, प्रधान आरक्षक रविन्द्र तिवारी, नोहर यादव, भुषण ठाकुर, आरक्षक संजय पाटिल, पीलाराम साहू, विजय दिवाकर, सुरेन्द्र जांगड़े, धनसाय मिरे, डामन धिवर एवं अन्य स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

बेमेतरा पुलिस ने इस कार्यवाही के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश दिया है कि मादक पदार्थों की अवैध तस्करी करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा और समाज में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस कृतसंकल्पित है।

बेमेतरा पुलिस का संदेश अब नहीं बख्शे जाएंगे अपराधी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *