लाखों की ठगी करने वाला चिटफंड कंपनी का फरार डायरेक्टर शैलेष अमृत भोईर पुणे से गिरफ्तार


:
रायपुर। लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाली चिटफंड कंपनी “साईं प्रसाद प्रॉपर्टीज लिमिटेड” का फरार डायरेक्टर शैलेष अमृत भोईर आखिरकार गिरफ्तार हो गया है। न्यू राजेन्द्र नगर थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 262/2019 के तहत यह गिरफ्तारी की गई है। आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 34, छत्तीसगढ़ निक्षेपकों के हितों का संरक्षण अधिनियम 2005 की धारा 6, 10 तथा प्राइज चिट्स एंड मनी सर्कुलेशन स्कीम (पाबंदी) अधिनियम की धारा 3, 4, 5, 6 के तहत मामला दर्ज है।

शैलेष भोईर समेत अन्य डायरेक्टर्स — बाला साहब भापकर, वंदना भापकर, शशांक भापकर — पर आरोप है कि उन्होंने अपनी कंपनी में लोगों को दोगुना मुनाफा और ऊंचे ब्याज का लालच देकर लाखों रुपये निवेश कराए, फिर निवेशकों के पैसे लेकर फरार हो गए।

पूर्व में पुलिस ने बाला साहब भापकर, वंदना भापकर और शशांक भापकर को गिरफ्तार किया था, लेकिन शैलेष भोईर फरार चल रहा था। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम ने तकनीकी विश्लेषण और सूचनाओं के आधार पर उसकी लोकेशन पुणे, महाराष्ट्र में ट्रेस की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एक विशेष टीम पुणे भेजी गई, जहां आरोपी को चिंचवड़ थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर रायपुर लाया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शैलेष अमृत भोईर (उम्र 34 वर्ष), निवासी भोईर आली, केशव नगर, नानाई कृपा, चिंचवड़, जिला पुणे (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *