
दुर्ग । थाना सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस ने बिल में हेराफेरी कर 40 लाख रुपए की गबन करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है।
प्रार्थी पीयूष त्रिपाठी, निवासी जयंती नगर दुर्ग ने 15 मई 2025 को थाना मोहन नगर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी बस स्टैंड हाउसिंग बोर्ड परिसर स्थित “संकल्प फार्मेसी” नामक मेडिकल दुकान में काम करने वाला उनका साला बृजमोहन दुबे उर्फ गगन, दुकान में कार्य करते हुए कंप्यूटर बिलिंग के दौरान पैसों की हेराफेरी कर करीब 40 लाख रुपए की धोखाधड़ी कर चुका है।
जांच के दौरान जिला अभियोजन अधिकारी की राय के बाद आरोपी के खिलाफ धारा 316(2), 318(3)-बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पूछताछ में बृजमोहन दुबे ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में अदालत में पेश किया गया।
इस कार्यवाही में थाना दुर्ग की निरीक्षक ममता अली शर्मा, सहायक उप निरीक्षक मोहन साहू, प्रधान आरक्षक अजय विश्वकर्मा, आरक्षक ललित साहू और गौर सिंह राजपूत का सराहनीय योगदान रहा।