
रायपुर । रायपुर नगर निगम ने टैक्स चोरों के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया है। निगम की टीम ने जोन 10 के वार्ड नंबर 52 में बड़े बकायेदारों के खिलाफ सीलबंद की कड़ी कार्रवाई की है। आयुक्त अबिनाश मिश्रा के आदेश पर यह कार्रवाई की गई है।
दरअसल, आशुतोष शर्मा नाम के एक व्यक्ति ने 5 सालों से 5,92,354 रुपये का संपत्तिकर नहीं भरा था। कई नोटिस और अंतिम सूचना के बावजूद भुगतान न करने पर उनकी फर्म आनंद रेस्टोरेंट को सील कर दिया गया।
इसके अलावा, वीआईपी मार्ग, अमलीडीह में स्थित दी लीविंग रूम एंड ग्रीन कैफे की संचालिका ज्योति केशवानी को डिमांड बिल/नोटिस जारी किया गया है। उन्हें तीन दिनों के भीतर अपनी प्रॉपर्टी आईडी अपडेट करवाकर संपत्तिकर का भुगतान करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसा न करने पर वार्षिक भाड़ा मूल्य तय कर नया बिल जनरेट करने की चेतावनी दी गई है।