
बलिया । उत्तर प्रदेश के बलिया रेलवे स्टेशन पर जब राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) चेकिंग कर रही थी, तब उन्हें एक यात्री के बैग से ऐसा सामान बरामद हुआ, जिसे देखकर न सिर्फ पुलिस के जवान, बल्कि बड़े अधिकारी भी हैरान रह गए।
यह घटना बलिया रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 2 की है, जहां एक शख्स सामान्य तरीके से बैठा हुआ था। उसके पास एक पुराना सा पिट्ठू बैग था, जिसे वह छिपाकर बैठा था। जीआरपी के जवानों को उस पर शक हुआ और उन्होंने उससे पूछताछ की। जब उससे नाम पूछा गया, तो उसने बताया कि उसका नाम अमित शर्मा है और वह पटना का रहने वाला है। फिर जब उससे यह पूछा गया कि बैग में क्या है, तो उसने जवाब दिया कि उसमें पैसे रखे हैं।
जब पुलिस ने उसे बैग खोलने के लिए कहा, तो उनके होश उड़ गए। बैग में ढेर सारी नोटों की गड्डियां भरी हुई थीं। शख्स ने बताया कि बैग में करीब 45 लाख रुपये रखे हैं। इसके बाद पुलिस ने उससे यह पूछा कि क्या इस पैसे का कोई वैध डॉक्यूमेंट है, तो उसने बताया कि उसके पास कोई डॉक्यूमेंट नहीं है।
पूछताछ में उस शख्स ने बताया कि उसने यह पैसे बलिया से रिसीव किए थे और वह इन पैसों को लेकर पटना जा रहा था। जब पुलिस ने उससे यह जानने की कोशिश की कि पैसे किससे लिए हैं, तो उसने नाम तो नहीं बताया, लेकिन उसने यह जरूर कहा कि उसने मोबाइल नंबर के जरिए पैसे लिए हैं। इसके बाद पुलिस ने उस नंबर को डायल करने के लिए कहा और शख्स ने नंबर मिलाकर पुलिस को दिया।
इसके बाद जीआरपी ने उसे हिरासत में लेकर पैसों को जब्त कर लिया और आगे की कार्रवाई शुरू की। जीआरपी थानाध्यक्ष विवेकानंद यादव ने बताया कि चैकिंग के दौरान यह मामला सामने आया, जब बलिया और गोरखपुर जीआरपी की टीम द्वारा प्लेटफार्म नंबर 2 पर चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान शख्स के पास से ₹44,99,300 बरामद हुए। उस शख्स से धनराशि के बारे में और पूछताछ की गई, लेकिन वह कोई सटीक जानकारी नहीं दे पाया और न ही उसके पास कोई वैध दस्तावेज थे। इस मामले में आयकर विभाग वाराणसी को सूचित किया गया है, और अब वे आगे की कार्रवाई कर रहे हैं।