
दुर्ग । दुर्ग जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में बीती रात एक युवक की ईंट-पत्थर से बुरी तरह मारकर हत्या कर दी गई। आधा दर्जन से ज्यादा लोगों ने मिलकर इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और कुछ अन्य संदेहियों को हिरासत में लिया है।
मृतक की पहचान राजीव नगर निवासी 34 वर्षीय दादू देसमाने के रूप में हुई है। युवक सेंटरिंग का काम करता था। एएसपी अभिषेक झा ने बताया कि संदेहियों में तीन नामजद हैं और अन्य संदेहियों से पूछताछ जारी है।
मृतक दादू देसमाने की पत्नी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों से एक के भाई की कुछ माह पहले मौत हो गई थी। इस मामले में आरोपी मृतक को ही कारण मान रहा था। इसके कारण ही इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया। एएसपी झा ने बताया कि मृतक पर पूर्व में हत्या सहित कई मामले में थाना कोतवाली में दर्ज है। मृतक आदतन आपराधी किस्म का था। फिलहाल इस मामले में संदेहियों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।