
भिलाई.
सुपेला पुलिस ने कांट्रेक्ट किलिंग करने वाले आरोपी को दबोच लिया है। पिछले माह आरोपी अश्वनी ने अपने साले की हत्या कराने की नीयत से 50 हजार रुपए सुपारी दी। प्रकरण में पुलिस ने हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया था। सुपारी देने वाला आरोपी फरार चल रहा था। सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि कृष्णा नगर सुपेला निवासी उमेश कुमार वर्मा 5 अगस्त को रात्रि ड्यूटी कर करीबन 01 बजे अपने घर जा रहा था। जैसे ही वह गणेश मार्केट सुपेला के पास पहुंचा था। उसी दौरान तीन अज्ञात लड़के आये और मोटर सायकल को रोककर चाबी छीनने लगे मना करने पर गाली गलौज करते हुए आज तुझे जान से मार देंगे कहते हुए हाथ मे रखे चाकु से ताबडतोड वार कर दिया जिसे प्रार्थी गंभीर रूप से घायल होकर गिर गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
सुपेला पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपीगण नरेन्द्र सोनी, राज मानिकपुरी एवं शैलेष सिन्हा उर्फ सर्किट को गिरफ्तार कर दिनांक एक सितंबर को न्यायिक रिमाण्ड मे जेल भेजा गया। पकडे़ गए आरोपियों से पूछताछ करने पर बताया कि राजनांदगांव निवासी अश्वनी वर्मा उर्फ आशु ने सुपेला स्थित अंग्रेजी शराब भट्टी के मैनेजर उमेश कुमार वर्मा को चाकू से मारना है। उसके एवज मे 50 हजार रुपए आरोपियों को दिए जाएंगे। जिस पर तीनो आरोपी चाकू मारने के पहले दो दिन रैकी किए तथा तीसरे दिन मौका मिलने पर चाकू मारकर फरार हो गये थे।
डोंगरगढ़ में लुका-छिपी का खेल खेल रहा था आरोपी मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अश्वनी डोंगरगढ़ में लुक छिप कर रह रहा है। सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस द्वारा आरोपी अश्वनी उर्फ आशु को घेराबंदी कर पकड़ा गया। आरोपी से पुछताछ करने पर अपना जुर्म स्वीकार किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेजा गया।